आपसी विवाद के दोहरे हत्याकाण्ड में दो आरोपीयों को चंद घण्टों के अंदर पुलिस ने किया गिरफ्तार
DRMS news शहडोल। 13 नवम्बर 2023 की मध्य रात्रि लगभग 02.00 बजे चांदनी चौक शहडोल में आपसी विवाद को लेकर सचिन और शेखर मोझरकर दोनो भाईयों ने मिलकर सीनू लक्ष्मण एवं रिजवान की चाकू, बेस बॉल एवं रॉड से मारकर हत्या कर दी।
नशे की हालत में आपसी रंजिश के इस विवाद में रिजवान की मौके पर की मृत्यु हो गई तथा सीनू लक्ष्मण को जिला अस्पताल में डॉक्टर द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
चाकू और लोहे की रॉड से सचिन और शेखर मोझरकर दोनो भाईयों ने दिया हत्या को अंजाम
क्या है घटनाचक्र…..?
13 नवम्बर 2023 को पीड़ित शिबू लक्ष्मण, आशीष उर्फ सोनू जायसवाल एवं अमित कुमार लोधी के साथ थाना आकर रिपोर्ट किया कि 12 नवम्बर 2023 की रात्रि 11 बजे दरभंगा चौक कन्हैया टेलर की दुकान के सामने सचिन मोझरकर का विवाद सीनू एवं रिजवान से हुआ था। दोनों पक्ष पूर्व से एक दूसरे से अच्छी तरह से परिचित थे। मामला शांत होने के उपरांत दोनों पक्ष वहां से चले गए थे।
अब तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 नवम्बर 2023 की रात्रि लगभग 01.30 बजे आरोपी पक्ष एवं मृतक पक्ष के बीच फोन पर गाली-गलौज भरा विवाद हुआ जिसके थोड़ी देर बाद रिजवान, सीनू लक्ष्मण, आशीष जायसवाल एवं अमित लोधी सभी चांदनी चौक के पास सचिन मोझरकर के घर के सामने पहुंच गये और उससे वाद-विवाद करने लगे।
इसी बीच विवाद बढ़ गया और सचिन मोझरकर ने एक लोहे का एंगल लाकर एवं सीनू लक्ष्मण ने बेस बाल का बैट लाकर आपस में लड़ने लगे, तभी शेखर मोझरकर ने अपने घर से चाकू लाकर पहले सीनू लक्ष्मण सीने एवं पीठ पर मारा, जिससे वह वहीं गिर गया। उसके बाद शेखर और सचिन ने रिजवान को एंगल एवं चाकू से रिजवान की गर्दन एवं सिर पर मारा, जिससे उसकी वहीं पर मृत्यु हो गई।
इसके बाद दोनों भाईयों ने अमित और शिबू को घेरने का प्रयास किया जिससे वो वहां से भाग निकले। सीनू को जिला अस्पताल लाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस को सूचना मिलते ही तत्काल सचिन मोझरकर एवं शेखर मोझरकर के विरूद्ध थाना कोतवाली शहडोल में धारा 302, 34 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी करने हेतु निर्देश दिये गए एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जोन डी0 सी0 सागर द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु 30,000 रूपये ईनाम की उद्घोषणा की गई। कोतवाली पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों सचिन मोझरकर एवं शेखर मोझरकर को घटना के कुछ ही समय के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के आरोपियों के विरूद्ध एन.एस.ए. की कार्यवाही प्रस्तावित की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र तिवारी, उनि ब्रजेन्द्र मिश्रा, उमाशंकर चतुर्वेदी, माधव सिंह, सउनि रजनीश तिवारी, रामराज पंाडे, राकेश बागरी, सुरेश अहिरवार, कन्हैया लाल, प्र.आर. मायाराम, महेन्द्र पाल समेत अन्य पुलिसकर्मी एवं सायबर सेल से आर. सत्य प्रकाश मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।
========================
डॉ. ज्योति सिंह ने जिले के मतदाताओं से अपील
DRMS news शहडोल। सहायक प्राध्यापक शासकीय पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय शहडोल डॉ. ज्योति सिंह ने जिले के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 17 नवंबर को भय मुक्त होकर मतदान अवश्य करें।
========================
प्रत्याशियों के व्यय पंजी का तृतीय निरीक्षण 14 नवम्बर को
DRMS news शहडोल। जिला कोषालय अधिकारी श्री राममिलन सिंह ने जानकारी दी है कि विधानसभा निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए जिले के प्रत्याशियों के प्रतीक चिंह आवंटन के पश्चात मतदान दिवस तक के अवधि में प्रत्येक प्रत्याशी को निर्वाचन में हुए व्यय पंजी का निरीक्षण 3 बार कराना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक रामसिंह गुर्जर (IRS) के निर्देशानुसार व्यय पंजी का प्रथम निरीक्षण 5 नवम्बर, द्वितीय निरीक्षण 10 नवम्बर एवं तृतीय निरीक्षण 14 नवम्बर 2023 को निर्धारित है।
प्रथम 2 चरण क्रमश: 5 नवम्बर व 10 नवंबर का निरीक्षण कार्य हो चुका है। तृतीय चरण में प्रस्ताशियों का लेखा निरीक्षण कार्य 14 नवंबर 2023 को रिटर्निंग ऑफीसर स्तर पर सहायक व्यय प्रेक्षक के स्थानीय कार्यालय में किया जायेगा।
विधानसभा क्षेत्र 83-ब्यौहारी हेतु सहायक व्यय प्रेक्षक का कार्य जनपद पंचायत कार्यालय ब्यौहारी व विधानसभा क्षेत्र 84-जयसिंहनगर हेतु सहायक व्यय प्रेक्षक का कार्य ई-दक्ष केन्द्र शहडोल तथा विधानसभा क्षेत्र 85-जैतपुर हेतु सहायक व्यय प्रेक्षक का कार्य तहसील कार्यालय बुढ़ार में स्थानीय कार्यालय बनाया गया है।
विधानसभा निर्वाचन 2023 में विधानसभा क्षेत्र ब्यौहारी जयसिंहनगर व जैतपुर के प्रत्याशी/अभिकर्ता अनिवार्य रूप से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित कार्यालय में उपस्थित रहकर लेखा निरीक्षण कार्य करावें।
========================
अन्य जिलों के वोटरों हेतु मतदान सुविधा अब 14 एवं 15 नवंबर को
DRMS news शहडोल। विधानसभा निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी है कि शहडोल जिले के अलावा सीधी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, जबलपुर, डिंडोरी, नरसिंहपुर, शाजापुर, सिवनी, सिंगरौली, मुरैना, कटनी, अनूपपुर, गुना जिले के वोटर है व जिसने ट्रेनिंग के समय या चुनाव ड्यूटी में होने से पोस्टल बैलेट हेतु फार्म 12 भरे है, उनके लिए मतदान की सुविधा 14 एवं 15 नवंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 10:00 बजे से 5:00 बजे तक होगी।
========================
ईवीएम एवं वीवीपीएटी मशीनों का सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन 14 नवंबर को
DRMS news शहडोल। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी है कि ईवीएम एवं वीवीपीएटी मशीनों का सेकंड सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन 14 नवंबर को प्रातः 10:00 बजे से कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी में किया जाएगा।


0 टिप्पणियाँ