DRMS NEWS

DRMS NEWS

चिकित्सक मरीजों को देते हैं नई जिंदगी, धरती के भगवान - उप मुख्यमंत्री

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें

drms news (शहडोल) चिकित्सक धरती पर भगवान के स्वरूप होते हैं। चिकित्सक मरीजों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं। मरीज अस्पताल में खुशियां बांटने नहीं आते, बल्कि अपनी मजबूरी और जीवन की नई उम्मीदों के साथ आते हैं। यदि स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करे तो अस्पताल आने वाले मरीजों की आधी तकलीफ अपने-आप दूर हो जाती है और उन्हें जीवन जीने का संबल भी मिलता है। यह विचार प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने आज शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में ब्लड सेंटर के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।

उप मुख्यमंत्री ने फीता काटकर मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर का किया शुभारंभ

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर का शुभारंभ फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ब्लड सेंटर का शुभारंभ शहडोल संभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे संभाग के मरीजों को सरलता और सहजता से रक्त उपलब्ध हो सकेगा।

चिकित्सा की पढ़ाई से समाज में मिलती है अलग पहचान और सम्मान

उन्होंने कहा कि शासकीय बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थी बेहतर शिक्षा ग्रहण कर देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दें।  चिकित्सा की पढ़ाई से समाज में मिलती है अलग पहचान और सम्मान। विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का भी परिचय देना चाहिए। मरीजों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी कर चिकित्सक बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर पिछड़े क्षेत्रों के मरीजों को सेवाएं दें।

प्रदेश में 19 शासकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और शीघ्र ही इनकी संख्या 26 होगी 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में 19 शासकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और शीघ्र ही इनकी संख्या 26 होने जा रही है। शहडोल मेडिकल कॉलेज में भी एमबीबीएस की सीटों को 100 से बढ़ाकर 200 करने तथा पीजी सीटों को 6 से बढ़ाकर 71 करने की प्रक्रिया अंतिम चरण पर हैं। 

मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों की भर्ती हेतु विज्ञापन निकालकर वाक- इन इंटरव्यू शीघ्र आयोजित करें 

उन्होंने कहा कि  प्रदेश सरकार सीएम केयर योजना के तहत मेडिकल कॉलेजों को हृदय रोग, कैंसर तथा अंग प्रत्यारोपण की सुविधा देने जा रही है।  स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह नई क्रांति होगी। आपने मेडिकल कॉलेज में रिक्त पदों की भर्ती हेतु विज्ञापन निकालकर वाक- इन इंटरव्यू शीघ्र आयोजित कर भर्ती प्रक्रिया पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा रक्तदान करने की सराहना करते हुए कहा कि यह संवेदनशीलता पदर्शित करता है। कार्यक्रम में रक्त दाताओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

जिला अस्पताल का विस्तार कर 300 बेड से 500 बेड की क्षमता का विस्तार 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर के शुभारंभ से जरूरतमंद लोगों को आसानी से रक्त उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में सिटी स्कैन एवं एमआरआई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिला अस्पताल का विस्तार कर 300 बेड से 500 बेड की क्षमता वाला अस्पताल बनाने की बात कही। 

टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से 5587 मरीजों को दिया चिकित्सकीय परामर्श प्रदान

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. गिरीश बी. रामटेके ने बताया कि टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से मार्च 2025 से फरवरी 2026 तक कुल 5587 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि ब्लड सेंटर के ब्लड कंपोनेंट स्टोरेज रूम में 4 ब्लड बैंक रेफ्रिजरेटर तथा 2 डीप फ्रीजर की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, एमबीबीएस सीटों, ओपीडी संचालन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।

इस अवसर पर विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी, विधायक ब्यौहारी शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, डॉ. विजय सराफ, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव, डीन मेडिकल कॉलेज डॉ. गिरीश बी रामटेके, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, जन अभियान समन्वयक विवेक पाण्डेय, विश्वास हलवाई, रज्जन रजक, बाल्मीक द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक उपस्थित रहे।

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms newsसंपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ