
drms news (मानपुर-उमरिया)। विंध्य की माटी के अमर सपूत, पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रद्धेय छोटे लाल पटेल जी की जन्म जयंती इस वर्ष नौगवा में एक ऐतिहासिक महापर्व के रूप में मनाई गई। स्थानीय कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित यह समारोह केवल एक जयंती कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्री पटेल जी के संघर्षमय जीवन, त्याग और समाज के प्रति उनके अटूट समर्पण को नमन करने का एक जीवंत अवसर बन गया।
यह जानकारी देते हुए मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि नौगवा में स्व. छोटे लाल पटेल की जयंती पर उमड़ा भारी जनसैलाब, संघर्ष और स्वाभिमान का दिखा बेहद अद्भुत संगम, विशाल बाइक रैली और मातृशक्ति की उपस्थिति रही विशेष आकर्षण का केंद्र मुख्य अतिथि कमलेश्वर पटेल ने मेधावी छात्रों और अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
निकली भव्य बाइक रैली, स्वागत में उमड़ा जोश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सदस्य कमलेश्वर पटेल रहे। देवरी तिराहा पर कुर्मी क्षत्रिय समाज के विशाल जनसमूह ने मुख्य अतिथि का अभूतपूर्व स्वागत किया। यहाँ से युवाओं की टोली ने गगनभेदी नारों के साथ विशाल बाइक रैली निकाली। छपरौड तिराहा में मुख्य अतिथि द्वारा गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आजादी के नायकों को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम स्थल नौंगवा पहुँचने के पश्चात आयोजन समिति द्वारा मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का सुमधुर स्वागत गीत के माध्यम से आत्मीय अभिनंदन किया गया। इसके बाद स्कूल तिराहा स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी छोटे लाल पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। मुख्य मंच पर अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर पटेल जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और केक काटकर उनका जन्म उत्सव मनाया।
श्री पटेल जी का जीवन संघर्षों की पाठशाला
मुख्य अतिथि कमलेश्वर पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि "छोटे लाल पटेल जी का संघर्ष विंध्य की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज है।" कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर वी. पी. पटेल, संभागीय अध्यक्ष राम संजीवन पटेल, जिला अध्यक्ष उमाशंकर पटेल और ओबीसी महासभा के अध्यक्ष बालकदास पटेल ने भी सभा को संबोधित करते हुए पटेल जी के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।
मातृशक्ति का वंदन और प्रतिभाओं का वंदन-अभिनंदन
समारोह की शोभा मातृशक्ति की विशाल उपस्थिति रही। पटेल जी के 'शिक्षित समाज' के सपने को साकार करते हुए, मुख्य अतिथि के हाथों इस वर्ष प्रतियोगी परीक्षाओं और नवोदय विद्यालय में चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके माता-पिता को कुर्मी क्षत्रिय समाज की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अनिल पटेल, पुष्पेंद्र पटेल, शिवा धार पटेल, दरबारी लाल पटेल और ज्ञान प्रकाश पटेल सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।पूरे कार्यक्रम का कुशल और ओजस्वी संचालन रविन्द्र कुमार पटेल द्वारा किया गया। समापन पर आयोजन समिति की ओर से शिक्षक अजीत कुमार पटेल ने पधारे हुए सभी सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति और अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ