
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews. online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर उमरिया)। नगर परिषद मानपुर द्वारा जैम (GEM) पोर्टल के माध्यम से करोड़ों रुपये की लागत से नगर में स्थापित की गई स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता एवं रख-रखाव को लेकर स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाए हैं ...? वार्ड क्रमांक 10 (चरण गंगा वार्ड) में बिजौरी तिराहा से चरण गंगा नदी तक मुख्य मार्ग की स्ट्रीट लाइटें पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समाज सेवी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस मार्ग पर पहली बार स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, तब करीब दो माह तक वे दिन-रात लगातार जलती रहीं, लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे अधिकांश लाइटें बंद होती चली गईं। बरसात के मौसम में सड़क पर मवेशियों एवं अन्य जीव-जंतुओं की मौजूदगी के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी कई बार बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शिकायत नगर परिषद मानपुर को मौखिक, लिखित एवं स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। वार्डवासियों का आरोप है कि बार नगर परिषद मानपुर के जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को फोन किया गया, लेकिन उनके अनुसार न तो फोन रिसीव किए गए और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल की गई।
सामग्री की गुणवत्ता एवं रखरखाव की तकनीकी जांच आवश्यक
यहां के नागरिकों का कहना है कि यदि स्ट्रीट लाइटों की खरीद के समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया होता, तो इतनी कम अवधि में यह स्थिति नहीं बनती। उनका मानना है कि जनता के धन से किए गए कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कहावत है "दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।" इसलिए स्ट्रीट लाइटों की खरीद प्रक्रिया, सामग्री की गुणवत्ता एवं रखरखाव की तकनीकी जांच आवश्यक है।
नागरिकों के अनुसार केवल चरण गंगा वार्ड ही नहीं, बल्कि सेमरा-मानपुर मार्ग, गोवर्दे-मानपुर मार्ग, सिगड़ी मोड़ से मानपुर मुख्य बाजार तथा ग्रामीण खेल मैदान की कई स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे नगर की प्रकाश व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कलेक्टर उमरिया से निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों एवं वार्डवासियों ने जिला कलेक्टर उमरिया से मांग की है कि नगर परिषद मानपुर द्वारा जैम (GEM) पोर्टल के माध्यम से कराई गई स्ट्रीट लाइटों की खरीद, गुणवत्ता, स्थापना एवं रख-रखाव की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए तथा नगर के सभी बंद पड़े स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए। जांच में यदि किसी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता संबंधी कमी अथवा अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
साथ ही स्थानीय नागरिकों ने नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से अपेक्षा व्यक्त की है कि नगर परिषद मानपुर में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समग्र समीक्षा कर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर चालू कराया जाए तथा अधूरे एवं बंद पड़े निर्माण कार्यों को शीघ्र गति दी जाए, ताकि नगर वासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ