
drms news (मानपुर उमरिया)। आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से लाड़ली बहनों के खातों में राशि पहुंचने के साथ ही उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए भी 23 लाख बहनों के खातों में ₹115 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की गई है। इस उपलब्धि के लिए जोरदार तालियों के साथ बहनों का अभिनंदन करें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया के गुरुवाही ग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन संबंधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गैस कनेक्शन बड़े लोगों तक सीमित हुआ करते थे। गरीब परिवारों के लिए गैस कनेक्शन प्राप्त करना आसान नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गरीब से गरीब परिवार के जीवन में बदलाव लाने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की। मुझे प्रसन्नता है कि पिछले तीन वर्षों में हमारी बहनों के खातों में ₹1,633 करोड़ की राशि पहुंचाई गई है। इस जनकल्याणकारी पहल के लिए जोरदार तालियां बजाइए।
हमारी सरकार का कार्य करने का तरीका स्पष्ट है, हर क्षेत्र में समान रूप से विकास और हर वादे को पूरा करने का संकल्प। आज इसी उमरिया जिले में एक ही स्थान पर 136 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत ₹144 करोड़ से अधिक है। यह हमारी सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
कांग्रेस के लोग कहते हैं कि लाड़ली बहनों को पैसे नहीं देने चाहिए, क्योंकि वे इन पैसों का दुरुपयोग करती हैं। ऐसी सोच पर उन्हें शर्म आनी चाहिए। बहनों के खातों में पहुंचने वाली यह राशि उनके बच्चों, बुजुर्गों और पूरे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में काम आती है।
मां और बहनें किसी भी परिवार की शक्ति और गौरव होती हैं। घर को संस्कार, अनुशासन और स्नेह से संवारने में हमारी बहनों का योगदान अतुलनीय है। परिवार और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को मैं हृदय से नमन करता हूं। आप सभी बहनों को दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूं।
50 लाख परिवारों को उनकी जमीन की रजिस्ट्री निःशुल्क
गांवों में सरकारी जमीन पर मकान बनाकर रह रहे 50 लाख परिवारों को उनकी जमीन की रजिस्ट्री निःशुल्क प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के रामराज्य के संकल्प को साकार करते हुए हर बहन को पक्का मकान और इज्जत घर उपलब्ध कराने की दिशा में हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
अब गांव के गरीब और आदिवासी भाई-बहनों को उनके मकान का मालिकाना हक देकर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान की जाएगी। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरित होकर हमारी सरकार धरतीपुत्रों के कल्याण और उनके जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हमारी सरकार ने तय किया है कि गांव, गली और मोहल्ले में दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। खेतों में फसल तैयार होने में 3 से 4 महीने लगते हैं, लेकिन दूध ऐसा माध्यम है, जिससे हर दिन आमदनी होती है और किसान को नियमित नकद आय प्राप्त होती है।
हम चाहते हैं कि गांव-गांव में पशुपालन को बढ़ावा मिले। जिनके घर गाय है, वे गोपाल हैं। भगवान श्रीकृष्ण भी गोपाल के रूप में पूजनीय हैं। इसी भावना के साथ हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक परिवार गाय-भैंस पालें, दूध का उत्पादन करें और डेयरी व्यवसाय से जुड़कर अपनी आय बढ़ाएं।
अनुसूचित जाति वर्ग को दो गायों की इकाई पर 50% व पिछड़ा वर्ग को 33% अनुदान
पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार आर्थिक सहायता भी दे रही है। अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों को दो गायों की इकाई पर 50% तक अनुदान, अन्य पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को 33% अनुदान तथा ₹40 लाख की लागत वाली डेयरी इकाई के लिए ₹10 लाख तक की सरकारी सहायता का प्रावधान बताया गया है।
दूध आपका, गाय आपकी और गोबर सहित पशुपालन से मिलने वाले सभी लाभ आपके। सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है; हमारे किसान भाइयों-बहनों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़े, उनके घरों में समृद्धि आए और वे आत्मनिर्भर बनें।
हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के सभी गांवों में सरकारी बसें चलाई जाएंगी। सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदेशभर में उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
उमरिया में सांदीपनि विद्यालय के निर्माण की घोषणा
आज उमरिया में सांदीपनि विद्यालय के निर्माण की घोषणा करता हूं। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त होगी। मध्यप्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी प्रदान कर प्रोत्साहित कर रही है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार कर सकें। (सूचनादाता एवं संकलनकर्ता- समाजसेवी मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। 8962637936, 8085090333 आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ