
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें 8962637936, 8085090333
Drms news (शहडोल, मानपुर उमरिया)। मानपुर से सटे ग्राम लखनोटी में शुक्रवार की सुबह बाघिन और उसके तीन शावकों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। मानपुर से महज 08 से 10 किमी दूर लखनोटी गांव से लगे रिहायशी इलाके में बाघिन अपने शावकों के साथ विचरण करती दिखाई दी। सुबह से ही गांव में दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि सुबह कुछ ग्रामीण निस्तार के लिए गांव से लगे मछली तालाब की ओर गए थे, तभी अचानक उनकी नजर बाघिन और उसके तीन शावकों पर पड़ी। बाघिन के इस कुनबे की इंसानी आबादी के इतने करीब मौजूदगी से ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया।
तीन घरों के करीब देखी गई गतिविधि
खबर है कि बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियां स्थानीय निवासी दशरथ बैगा, बालकदास और रामबल सिंह के घरों के बिल्कुल करीब देखी गई हैं। ऐसे में ग्रामीणों को अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है, हालांकि फिलहाल बाघिन ने किसी मवेशी का शिकार नहीं किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि बाघिन शावकों को लेकर तालाब के किनारे, झाड़ियों और खेतों के आसपास घूमती रही। कई लोगों ने अपने बच्चों को घरों से बाहर निकलने से रोका और मवेशियों को बाड़े में बंद कर दिया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का अमला मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंचा और बाघिन व शावकों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मूवमेंट की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पार्क प्रबंधन स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बाघिन के मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है। ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले न जाने, सुबह-शाम तालाब और खेतों की ओर सावधानी से जाने और किसी भी स्थिति में बाघिन को छेड़ने या पीछा न करने की अपील की गई है।
ग्रामीणों की मांग - स्थाई निगरानी हो
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के इतने करीब बाघिन और शावकों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग को लगातार निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से पहले जरूरी कदम उठाए जा सकें। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए, मुनादी कराई जाए और रात में प्रकाश व्यवस्था व अलर्ट सिस्टम मजबूत किया जाए।
वन विभाग से अपील
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाघिन के जंगल की ओर सुरक्षित वापसी तक गांव में विशेष निगरानी दल तैनात किया जाए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन वन अमला अलर्ट पर है। (सूचनादाता एवं संकलनकर्ता- समाजसेवी मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। 8962637936, 8085090333 आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। (भारत का तेजी से बढ़ता हुआ मासिक "ब्रजधर समाचार" अवश्य पढ़ें और अपने विचारों से हमें अवगत करायें)
0 टिप्पणियाँ