जिले में महामनीषी राष्ट्र संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज को दी गई विनयांजलि
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह DRMS NEWS 896263793 मंगलवार 27 फरवरी 2024
DRMS NEWS शहडोल। सकल जैन समाज बुढ़ार-धनपुरी के तत्वाधान में एक सर्वधर्म सभा आयोजित कर राष्ट्र संत, हथकरघा प्रणेता, गौशाला संवर्धक, गुरुकुल शिक्षा के प्रणेता, आध्यात्मिक चेतना के प्रखर पुंज, राष्ट्र हित चिंतक, आयुर्वेद हेतु पूर्णायु संस्थान के सृजन कर्ता, जन-जन के संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की समतापूर्वक समाधि उपरान्त भावांजलि एवं विनयांजलि अर्पित की गई।
बचपन स्कूल के प्रांगण में आयोजित विनयांजलि सभा में सभी संप्रदाय एवं धर्म के अनुयायियों ने अपने उद्गार गुरुवर के प्रति व्यक्त किए। श्रीराम जानकी मंदिर के महंत रामबालक दास जी महाराज ने कहा कि संत और भगवंत में कोई अंतर नहीं है, ऐसे ही संत आचार्य श्री विद्यासागर जी का स्थान मानव समाज में सर्वोपरि है। उनके बताये मार्ग पर चलकर हम अपने जीवन को सार्थक कर सकते हैं।
सिख समाज के गुरु ज्ञानी भगवान सिंह ने अपने उद्बोधन में व्यक्त किया कि गुरु के बिना ज्ञान की ज्योति नहीं जल सकती। गुरु के बिना जीवन में मनुष्य को सही दिशा प्राप्त नहीं होती है। गुरुवर ने सम्पूर्ण विश्व को सही दिशा देने का कार्य किया है।
ब्रह्म कुमारी राजयोग मेडिटेशन केंद्र बुढार की संचालिका बहन रीता जी ने कहा कि शरीर और आत्मा भिन्न है । सच्चा साधक आत्मा की गहराइयों में उतरकर परमात्मा को प्राप्त करने का उपक्रम करता है। विद्यासागर जी ऐसे ही साधक थे, जिन्होंने ध्यान योग के द्वारा परमात्मा को प्राप्त किया।
मानव कल्याण आश्रम (गीताधाम) कटकोना के गीतानुरागी श्रीकांत शर्मा ने संत विद्यासागर जी की तुलना सूर्य से करते हुए कहा कि सूर्य कभी डूबता नहीं है, सूर्य स्थिर रहते हुए सभी को प्रकाश देता है , वैसे ही सदगुरुदेव ने अपनी दिव्य वाणी , दिव्य विचारों एवं दिव्य कर्मों से सबकी चेतना को प्रकाशित किया ।
राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक शिवेंद्र द्विवेदी ने कहा कि आचार्य श्री एक अवतारी पुरुष थे! उन्होंने संपूर्ण जीवन में अध्यात्म और मोक्ष का मार्ग दिखाया। उनका मुख मंडल, दिव्य वाणी, कर्मठ शरीर का दिव्य स्वरूप सदियों तक हमे प्रेरणा देता रहेगा ।
समाजसेवी बलमीत सिंह खनूजा ने कहा कि गुरु जी के दर्शन बचपन से प्राप्त हुए। आचार्य श्री के दर्शन करके आत्मिक सुख एवं आनंद की प्राप्ति होती थी।
गुरुवर के चरणों में भावांजलि अर्पित करने के लिए जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी,
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिनव मिश्रा, नगर निरीक्षक बुढ़ार संजय जयसवाल, समाजसेवी चंद्रशेखर अग्रवाल, कमलेश शर्मा, डॉ शंभू कुमार जैन, आर.के . बंसल, रक्त वीरांगना प्रतिमा जैन, मनोज पड़ेले, डॉ शेखर जैन, अरविंद मोदी, सृजनेश जैन, रागिनी जैन ने अपने संस्मरण एवं उद्गार विनयांजलि सभा में व्यक्त किए। विनयांजलि सभा का सफल संचालन नीलेश जैन द्वारा किया गया।
इस विनयांजलि सभा में विविध सामाजिक संगठन जैसे भारत विकास परिषद, लीनेस क्लब, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, शहीद भगत सिंह यूथ फाउंडेशन, स्वामी विवेकानंद यूथ फाउंडेशन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गायत्री परिवार, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, जैन समाज के संगठन श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन समिति, दिगंबर जैन महासभा न्यास, श्री वासुपूज्य जिनालय समिति, त्रिशला महिला मंडल, जैन मित्र मंडल, पाठशाला समिति, विद्यासागर युवा संगठन, जागृति मंडल, स्तुति मंडल, राजुल एकता समिति , अर्हम जागरण, अधिवक्तागण, चिकित्सक, व्यवसायीजन, शिक्षकगण, पत्रकार बंधु, आदि प्रबुद्धजनों ने उपस्थित रहकर गुरुवर के उपदेशों एवं सिद्धातों को जीवन में अपनाने के का संकल्प लिया। अंत में वीरेंद्र पाईया द्वारा सामूहिक अर्हम जागरण कराया गया।
जिला मुख्यालय के नगर पालिका परिषद शहडोल परिसर मानस भवन में आयोजित सर्वधर्म विनयांजलि सभा में सभी समुदाय के लोगों ने सकल दिगम्बर जैन समाज शहडोल द्वारा आयोजित राष्ट्र संत परम् पूज्य आचार्य भगवन श्री १०८ विद्यासागर जी महाराज के समतापूर्वक समाधि पर सर्वधर्म “विनयांजली“ में दीप प्रज्जवलित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
सर्व धर्म विनयांजलि सभा में राष्ट्र संत परम् पूज्य आचार्य भगवन श्री १०८ विद्यासागर जी महाराज के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया गया।
विनयांजलि सभा में डा.ए.के.श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, भाजपा अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह, समाजसेवी जसवीर सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला कटारे, सकल दिगम्बर जैन समाज शहडोल सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
======== drms news समाचारों में सबसे आगे ===========
======== drms news हर पल हर क्षण आपके साथ ========

0 टिप्पणियाँ