DRMS NEWS

DRMS NEWS

5 वी एवं 8वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित

 5 वीं में 96% व 8 वीं में 88% से अधिक छात्र-छात्राओं ने अर्जित की सफलता उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह DRMS NEWS 8962637936 

DRMS NEWS शहडोल।   राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा आज 5 वी एवं 8 वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। कलेक्टर तरूण भटनागर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन ने 5 वीं एवं 8 वीं कक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

कलेक्टर तरुण भटनागर ने कहा कि शहडोल जिले के पाँचवी और आठवीं कक्षा के परिणाम घोषित हुए हैं। उन्होंने उत्तीर्ण हुए छात्र- छात्राओं, उनके पालकों और शिक्षकों को बधाई प्रेषित की है। 

कलेक्टर ने कहा कि पाँचवी और आठवीं का यह परिणाम जो कि वर्ष भर की लगन और समझ का परिणाम है कई मायनों में उत्साहवर्धक है। पाँचवी में 96% से अधिक और आठवीं में 88% से अधिक छात्र - छात्राओं ने सफलता हासिल की है और दोनों ही कक्षाओं का परिणाम राज्य के औसत परिणाम से बेहतर है।

5 वी एवं 8वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित

शहडोल जिले के पाँचवी के छात्र- छात्राओं की लगन और मेहनत का नतीजा है कि इस कक्षा के परिणाम से शहडोल जिला राज्य के दस सबसे बेहतर परिणाम देने वाले जिलों में शामिल हुआ. इस कक्षा के 29% से ज्यादा बच्चों ने A+ और A ग्रेड में अंक हासिल किये

जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र शहडोल ने जानकारी दी है कि जिले में कक्षा 5 वीं में कुल 18,100 विद्यार्थी सम्मलित हुए जिसमें 17,440 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इसी प्रकार जिले में कक्षा 8वीं में कुल 19,183 विद्यार्थी सम्मलित हुए जिसमें से 16,959 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

कलेक्टर ने की मतगणना तैयारियों की समीक्षा

DRMS NEWS शहडोलकलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तरूण भटनागर ने आज निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक में लोकसभा निर्वाचन के लिए 04 जून 2024 को होने वाली मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की। 

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मतगणना दलों के गठन की सभी तैयारियां पूर्ण करें, मतगणना दलों का गठन करें तथा मतगणना दलों को 09 मई को पहला प्रशिक्षण देना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मतगणना स्थल में प्रवेश, बैठक व्यवस्था सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अमृता गर्ग, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अरविंद शाह, श्रीमती प्रगति वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थें।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

रेस्टोरेंट एवं होटलों के खाद्य पदार्थों का किया गया निरीक्षण

DRMS NEWS शहडोलकलेक्टर तरूण भटनागर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में मिलावट के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। इस क्रम में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.के. सोनी द्वारा अर्बन पिण्ड रेस्टोरेंट एवं इंडियन कॉफी हाउस शहडोल का निरीक्षण किया गया। 

निरीक्षण के दौरान किचेन में साफ-सफाई के निर्देश दिए गए साथ ही बासी एवं खराब खाद्य पदार्थ को किचन से हटाने के निर्देश दिए गए। गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सामग्री के सही रख-रखाव के भी निर्देश दिए गए। 

इसी प्रकार एस के तिवारी द्वारा वैभव रेस्टोरेंट एवं वर्षा रेस्टोरेंट जयसिंहनगर का भी निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश दिए गए।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

अमरकंटक के सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से कराएं पूर्ण- कमिश्नर बी.एस.जामोद

DRMS NEWS शहडोल कमिश्नर शहडोल संभाग बी.एस. जामोद की उपस्थिति में अमरकंटक के सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में कलेक्टर अनूपपुर आशीष वशिष्ठ, संयुक्त आयुक्त विकास मगन सिंह कनेश, उपायुक्त राजस्व श्रीमती निमिषा पांडेय, अनविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। 

बैठक में अमरकंटक में किए जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि अमरकंटक में कराए जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तेजी से पूर्ण कराया जाए। 

कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि अमरकंटक में कराए जा रहे निर्माण कार्यों का अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण करें तथा सौंदर्यीकरण के कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित कराएं। 

कमिश्नर ने अमरकंटक के सौंदर्यीकरण के कार्यों की समीक्षा की

समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने अमरकंटक नगर के मेला ग्राउण्ड, मां नर्मदा मंदिर परिसर, सोनमूड़ा, रामघाट, माई की बगिया, कपिलधारा क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अमरकंटक को पर्यावरणीय और पर्यटन की दृष्टिकोण से नेचुरल ब्यूटी को विकसित करना है।

समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि अमरकंटक में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अमरकंटक ही नही इसके आसपास के प्राकृतिक सुन्दरता को विकसित करने की आवश्यकता है। 

बैठक में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ  ने अमरकंटक क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। 

बैठक में सहायक कलेक्टर महिपाल सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

स्ट्रांग रूम को अभ्यर्थी एवं उनके प्रतिनिधि सीसीव्हीटी के माध्यम से कर सकेंगे निगरानी, व्यवस्थाएं की गई सुनिश्चित 

DRMS NEWS शहडोल उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अमृता गर्ग ने जानकारी दी है कि 19.04.2024 को लोकसभा निर्वाचन 2024 संपन्न होने के पश्चात मतांकन उपरांत ईव्हीएम मशीने शा. पॉलिटेक्निक कॉलेज शहडोल के स्ट्रांग रूम में डबल लॉक में सुरक्षित अभिरक्षा में रखी हुई है। 

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्ट्रांग रूम सुरक्षा हेतु शा. पॉलिटेक्निक कॉलेज में त्रिस्तरीय सशस्त्र बल तैनात है। प्रथम स्तर पर (आंतरिक सुरक्षा) में आवश्यक CAPF बल तैनात किया गया है। CAPF का आवश्यक सशस्त्र बल 24X7 सुरक्षा हेतु तैनात रहेगा। 

द्वितीय स्तर मध्य का रहेगा इस स्तर की सुरक्षा हेतु विशेष सशस्त्र बल का गार्ड तैनात किया गया है। तृतीय स्तर बाह्य सुरक्षा रहेगी। जिस हेतु स्थानीय जिला पुलिस बल तैनात किया गया है। 

अभ्यर्थी एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा स्ट्रांग रूम के डबल लॉक की निगरानी हेतु भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा हेतु CCTV कैमरे एवं स्क्रीन की व्यवस्था की गई है साथ ही पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में अभ्यर्थी एवं उनके प्रतिनिधियों के ठहरने हेतु उचित व्यवस्था की गई है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था पॉलिटेक्निक कॉलेज शहडोल में सुनिश्चित कर ली गई है। 

शा. पॉलिटेक्निक कॉलेज में 24 घंटे कन्ट्रोल रूम संचालित है। स्ट्रांग रूम के बाहर व पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था की गई हैं। कंट्रोल रूम प्रभारी, विष्णुकांत विश्वकर्मा, जिला प्रबंधक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन शहडोल को नियुक्त किया गया है। 

संपूर्ण व्यवस्था हेतु पॉलिटेक्निक कॉलेज में अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व सोहागपुर एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी जयसिंहनगर तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) शहडोल की ड्यूटी लगाई गई है। बिना सक्षम अनुमति किसी भी व्यक्ति का पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में प्रवेश निषेध है।


======== drms news समाचारों में  सबसे आगे ===========

साहित्य, संस्कृति, समाज, शिक्षा, सेहत, संगीत और प्रत्येक सकारात्मक खबर, कविता, आलेख आदि का स्वागत है। 

DRMS news” के लिए कविता, आलेख, और सकारात्मक समाचार 8962637936 पर फोटो सहित भेजे जा सकते हैं।  “ सभी प्रकाशन सदैव निःशुल्क हैं।” 

======== drms news हर पल हर क्षण आपके साथ ========

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ