
drms news (शहडोल)। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शहडोल की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी ने आज शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का औचक निरीक्षण कर कड़ा संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान सिटी टैंक तालाब, चौपाटी क्षेत्र, झूला पुल एवं गंज क्षेत्र का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों एवं दुकानदारों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए तथा चेतावनी जारी की गई।
तालाब क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर तत्काल सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। तालाब में मछलियों के अचानक मरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए तालाब की विशेष सफाई कराई गई तथा फव्वारा पुनः प्रारंभ कराया गया, जिससे जल की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने तालाब क्षेत्र को नगर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल बताते हुए यहां नियमित निगरानी एवं स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। चौपाटी क्षेत्र में दुकानों के सामने फैली गंदगी पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।
स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में गंदगी फैलाते पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गंज स्थित समय प्रेस के पास निर्माणाधीन पुलिया का भी निरीक्षण किया गया। कार्य में देरी पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए उप यंत्री एस.एस. तोमर को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। गंज स्थित सामुदायिक शौचालय के आसपास फैली गंदगी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी दो दिनों के भीतर नगर की स्वच्छता व्यवस्था में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। वार्डों में गंदगी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान कार्यालय अधीक्षक मोतीलाल सिंह सहित नगर पालिका का अमला उपस्थित रहा।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ