
drms news (मानपुर-उमरिया)। जिले के मानपुर में लोक निर्माण विभाग (भवन) द्वारा बनाए जा रहे सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण कार्य अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है। करोड़ों रुपये की इस परियोजना में न केवल काम तय समय सीमा में पूरा नहीं हुआ, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ रही है।निर्माण स्थल पर लगे बोर्ड के अनुसार इस परियोजना को 4187 लाख रुपये (करीब 41 करोड़) की प्रशासनिक स्वीकृति और 2686.62 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति दी गई है। कार्य का कार्यादेश 3 अक्टूबर 2023 को जारी हुआ था और अनुबंध के अनुसार 18 माह के भीतर काम पूरा होना था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है।
यह जानकारी देते हुए मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस निर्माण कार्य का ठेका श्रीराम कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कंपनी द्वारा काम धीमी गति और संदिग्ध गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है। कई जगहों पर निर्माण की स्थिति देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं हुई तो भविष्य में यह भवन छात्रों के लिए जोखिम बन सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कार्य समय सीमा में पूरा नहीं हुआ तो क्या लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार कंपनी पर कोई जुर्माना लगाया? क्या गुणवत्ता परीक्षण कराया गया? यदि ऐसा नहीं हुआ तो इससे विभाग और ठेकेदार के बीच लापरवाही या मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि सीएम राइज स्कूल मानपुर के निर्माण कार्य, गुणवत्ता और भुगतान की पूरी प्रक्रिया की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि करोड़ों रुपये की इस परियोजना में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ