
drms news (मानपुर-उमरिया)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित बंधा टोला में आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति की गूंज के बीच श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति में निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
यह आयोजन परम पूज्य जगतगुरु योगानंद द्वाराचार्य प्रेम रामायणम पीठाधीश्वर रामकृष्ण देवाचार्य वेदांती महाराज के आशीर्वाद एवं उनके कृपा पात्र शिष्य सचिन शास्त्री महाराज के मुखारविंद से संपन्न हो रहा है। कथा के माध्यम से धर्म, ज्ञान और भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद् भागवत कथा का यह सात दिवसीय कार्यक्रम 19 मार्च से प्रारंभ होकर 26 मार्च तक चलेगा, जिसका समापन पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। कथा का पारायण प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एवं प्रवचन सत्र दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक आयोजित हो रहा है।
यह भव्य धार्मिक आयोजन श्री बाल गोपाल नव दुर्गा मंदिर प्रांगण, बंधा टोला, मानपुर में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में सहभागी बनें और इस दिव्य आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त।
0 टिप्पणियाँ