DRMS NEWS

DRMS NEWS

न्याय के लिए भटक रही जनता, प्रकरणों के स्थानांतरण की मांग तेज

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें

drms news (मानपुर-उमरिया)तहसील मुख्यालय मानपुर में न्यायिक व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। तहसील अधिवक्ता संघ मानपुर ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के मुख्य न्यायाधीश को आवेदन सौंपकर थाना इन्दवार एवं पुलिस चौकी अमरपुर से संबंधित आपराधिक प्रकरणों सहित वन विभाग के मामलों को जिला न्यायालय उमरिया से मानपुर न्यायालय स्थानांतरित करने की मांग उठाई है।

अधिवक्ता संघ के अनुसार 31 मार्च 2017 को मानपुर में व्यवहार न्यायालय की स्थापना की गई थी, जिसके अंतर्गत थाना मानपुर, थाना इन्दवार एवं पुलिस चौकी अमरपुर का क्षेत्राधिकार निर्धारित है। न्यायालय की स्थापना के समय जिला न्यायालय उमरिया से सभी सिविल प्रकरण मानपुर स्थानांतरित कर दिए गए थे। साथ ही कुछ आपराधिक प्रकरण भी यहां भेजे गए थे। उस दौरान इन्दवार थाना के मामलों को भी स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। उल्टा अमरपुर चौकी के कुछ प्रकरण पुनः उमरिया भेज दिए गए।

वर्तमान स्थिति में सिविल प्रकरण मानपुर में और आपराधिक प्रकरण उमरिया में चलने से पक्षकारों को बार-बार लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ता संघ ने यह भी बताया कि उमरिया जाने के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रास्ते से गुजरना पड़ता है, जहां जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है और कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।

संघ का कहना है कि मानपुर न्यायालय के क्षेत्राधिकार में आने वाले थाना इन्दवार एवं पुलिस चौकी अमरपुर के आपराधिक प्रकरण अब तक स्थानांतरित नहीं किए गए हैं, जबकि इस संबंध में कई बार निवेदन किया जा चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

इसके अलावा मानपुर न्यायालय में वर्तमान में केवल व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 पदस्थ हैं। व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1 की अनुपस्थिति के कारण कई मामलों में पक्षकारों को उमरिया जाना पड़ता है। अधिवक्ता संघ ने यहां व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1 की पदस्थापना की भी मांग की है।

तहसील अधिवक्ता संघ ने बताया कि वर्ष 2017 से लगातार जिला एवं सत्र न्यायाधीश उमरिया तथा उच्च न्यायालय जबलपुर को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक इन्दवार थाना, अमरपुर चौकी एवं वन विभाग के प्रकरण मानपुर न्यायालय स्थानांतरित नहीं किए गए हैं।

अधिवक्ता संघ मानपुर ने मांग की है कि सभी संबंधित आपराधिक एवं वन विभाग के प्रकरणों को तत्काल मानपुर न्यायालय स्थानांतरित किया जाए तथा यहां व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1 की पदस्थापना की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सस्ता, सुलभ और सुरक्षित न्याय मिल सके।

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms newsसंपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ