
drms news (मानपुर-उमरिया)। उमरिया जिले के मानपुर जनपद अंतर्गत ग्राम उरदना में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खेत से गेहूं लेकर आ रहे एक किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। यह घटना उस वक्त हुई जब किसान अपने खेत से गेहूं लोड कर गांव की ओर लौट रहा था।
यह जानकारी देते हुए मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना के अनुसार ग्राम उरदना निवासी किसान मुन्नेलाल पटेल, पिता रामलखन पटेल, अपने खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से गेहूं से भरी फसल लेकर घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक बिजली के तार से निकली चिंगारी ट्रॉली पर गिरी, जिससे गेहूं में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी ट्रॉली आग की लपटों में घिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि, आग लगने से गेहूं का कुछ हिस्सा जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जगह-जगह लटक रहे बिजली के तार और उनकी खराब स्थिति इस तरह की घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर बिजली लाइनों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यदि समय रहते ग्रामीण सक्रिय नहीं होते तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने की प्रशासन से अपील
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि गांव के आसपास के क्षेत्रों में बिजली तारों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए, ताकि किसानों की मेहनत यूं आग की भेंट न चढ़े।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ