
drms news (शहडोल)। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 स्थित बड़ी भीट तालाब में स्वच्छता एवं जल स्रोत संरक्षण हेतु विशेष श्रमदान अभियान संचालित किया जा रहा है। “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत द्वितीय दिवस पर श्रमदान कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित हुआ।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के मार्गदर्शन में प्रातः 8:00 बजे से श्रमदान कार्य प्रारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा लगातार श्रमदान कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वयं श्रमदान किया जा रहा है, जिससे आमजन एवं कर्मचारियों को प्रेरणा मिल रही है।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र एवं वार्डवासी शामिल हुए तथा लगभग तीन घंटे तक श्रमदान कर तालाब की व्यापक साफ-सफाई की गई। इस दौरान तालाब में जमी गंदगी एवं कचरे को हटाया गया तथा आसपास के क्षेत्र में फैली अशुद्धियों का समुचित निस्तारण किया गया। साथ ही घाटों की साफ-सफाई कर उन्हें व्यवस्थित एवं उपयोग योग्य बनाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा श्रमदान में निरंतर भागीदारी निभाते हुए स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया तथा सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण निर्माण पर बल दिया गया।
इस अवसर पर उपयंत्री सुखेंद्र सिंह तोमर, उपयंत्री पुनीत त्रिपाठी, स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, कार्यालय अधीक्षक मोतीलाल सिंह सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा जन सहभागिता आधारित ऐसे अभियानों के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध नगर के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ