
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर-उमरिया)। मानपुर शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ठोस और प्रभावी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, नगर परिषद और अन्य संबंधित विभागों ने भाग लिया।
बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि बस रूट में संशोधन और भारी वाहनों पर नियंत्रण को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं हितधारकों से विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। प्रस्ताव के तहत बसों और भारी वाहनों का संचालन बायपास मार्ग से करने तथा शहर के आंतरिक मार्गों में उनके प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था को लागू करने से पहले बस संचालकों, व्यापारी संगठनों और जनप्रतिनिधियों के साथ एक संयुक्त बैठक भी आयोजित की जाएगी, ताकि सभी पक्षों की सहमति सुनिश्चित हो सके।
प्रमुख सड़कों के दोनों ओर नाली निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य जल्द
नगर परिषद द्वारा शहर की प्रमुख सड़कों के दोनों ओर नाली निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। साथ ही सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि इन पेवर ब्लॉकों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण जैसे ठेले या अस्थायी दुकानें पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर का किया निरीक्षण, अतिक्रमण पर सख्ती, पार्किंग व्यवस्था सुधारी गई
बैठक के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। विशेष रूप से शिव होटल के पास यातायात की स्थिति का जायजा लिया गया, जहां समन्वय से पास की खाली जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
इसके अलावा पुरानी बस स्टैंड क्षेत्र से अवैध ठेले हटाए गए, 10-15 दुकानदारों को समझाइश देकर अतिक्रमण हटवाया गया। आगामी एक माह तक प्रशासन, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रखेगी और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
गोवर्दे क्षेत्र में भूमि का चयन आधुनिक बस स्टैंड का होगा निर्माण जल्द
शहर में एक आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण के लिए गोवर्दे क्षेत्र में भूमि का चयन कर लिया गया है। यह भूमि पहले से ही राजस्व अभिलेखों में यातायात उपयोग के लिए दर्ज है। पूर्व में लंबित न्यायालयीन प्रकरण स्पष्ट होने के बाद अब निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। मानपुर में यातायात सुधार, अतिक्रमण हटाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रशासन की यह पहल शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
0 टिप्पणियाँ