
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर-उमरिया)। जनपद क्षेत्र मानपुर अंतर्गत ग्राम कुदरी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रहे टाइगर हमलों तथा वन विभाग की कार्यशैली को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। वन परिक्षेत्र कार्यालय पनपथा के बाहर क्षेत्र की जनपद सदस्य रोशनी सिंह के नेतृत्व में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें मृतकों के परिजन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
वन अमले की कार्यशैली के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का आक्रोश, वन परिक्षेत्र कार्यालय पनपथा के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन
पूर्व घोषित आंदोलन के तहत सुबह लगभग 10 बजे से ग्रामीण धरने पर बैठ गए थे। प्रदर्शन के दौरान वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और विभागीय रवैये की कड़ी निंदा की गई। करीब तीन बजे उपवन मंडलाधिकारी पनपथा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
धरने में शामिल ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार टाइगर की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद वन विभाग द्वारा सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को ग्राम झलवार निवासी कुसुम बाई गौड़ की महुआ बीनने के दौरान टाइगर हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद 4 मई को ग्राम कुदरी निवासी रज्जू कोल तथा 17 मई को ममता यादव की भी टाइगर हमले में जान चली गई। वहीं हाल ही में एक ग्रामीण के बैल को भी टाइगर ने शिकार बनाया है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घर से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन एवं वन विभाग की होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने एक लिखित शिकायत भी सौंपी, जिसमें परिक्षेत्र सहायक अधिकारी श्री ठाकुर पर धरना स्थल पर अभद्र व्यवहार एवं गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को रोशनी सिंह, अनुराग सिंह अंबुज, अंजू सिंह, गौरीशंकर मिश्रा, विजय गौतम, उमाशंकर पटेल, विजय द्विवेदी, हीरालाल यादव, जगजाहिर सिंह, ज्ञान प्रकाश पटेल, रवि सेन, ऋतिक प्यासी, योगेंद्र महोबिया एवं प्रकाश द्विवेदी सहित कई क्षेत्रवासियों ने संबोधित किया।
धरना स्थल पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू सिंह, यूथ कांग्रेस उमरिया जिला अध्यक्ष अनुराग सिंह अंबुज, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उमाशंकर पटेल, इन्दवार उप ब्लॉक अध्यक्ष गौरीशंकर मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पटेल, युवा नेता विजय गौतम, जनपद सदस्य विजय द्विवेदी, जनपद सदस्य हीरालाल यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगजाहिर सिंह, मंडल अध्यक्ष भोला पटेल, रवि सेन, कुश परिहार, ऋतिक प्यासी, पंकज गौतम, मूलचंद्र जायसवाल, सुरेंद्र सिंह, राजू सिंह, खेलावन सिंह, संग्राम सिंह गोंड, जितेंद्र महोबिया, मनीष गुप्ता, पंकज ताम्रकार, सुनील दहिया, बाबूलाल जायसवाल, विजय महोबिया, राज महोबिया, रवि यादव, रामभुवन यादव, रामप्रकाश चौधरी, सुरेश यादव, सुशील जायसवाल, बलराम सिंह, राकेश यादव, धर्मदास यादव, अशोक यादव, राजेंद्र सहित कई महिलाएं, पुरुष एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। आंदोलन के दौरान पुलिस व्यवस्था भी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त नजर आई।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी टीम तैनात की जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में अस्थायी सुरक्षा चौकी बनाई जाए तथा ग्रामीणों को समय-समय पर मुनादी और जागरूकता के माध्यम से सतर्क किया जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा एवं सहायता राशि देने तथा कोर एवं बफर क्षेत्र में सुरक्षा श्रमिकों और वन आरक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग भी उठाई गई।
एसडीओ भूरा गायकवाड़ एवं नायब तहसीलदार सनत सिंह द्वारा ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग एवं प्रशासन संयुक्त रूप से आवश्यक कदम उठाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि टाइगर की निगरानी बढ़ाने, गश्त तेज करने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ