DRMS NEWS

DRMS NEWS

सलैया-13 के वार्ड क्रमांक 1 में बदहाल व्यवस्था, सड़क पर बह रहा गंदा पानी, नाली टूटने से जलभराव की स्थिति, नल-जल योजना के पानी में गंदगी मिलने का आरोप; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें

drms news (मानपुर-उमरिया)जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैया-13 के वार्ड क्रमांक 1 की स्थिति इन दिनों अत्यंत दयनीय बनी हुई है। मोहल्ले की पुरानी नाली टूटकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण नाली का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर फैला गंदा पानी अब नल-जल योजना की पाइपलाइन में भी प्रवेश कर रहा है, जिससे घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1 में जलभराव की स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। सड़कें कीचड़ और गंदगी से पट चुकी हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में सरपंच द्वारा नाली निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन होने के कारण नाली अब टूटकर खंडहर में तब्दील हो गई है। इसी वजह से पूरा गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच मस्तराम कोल, सचिव श्री मुन्ना सिंह एवं रोजगार सहायक विष्णु जोगी को मौखिक एवं फोन के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत सचिव कभी-कभार ही पंचायत कार्यालय आते हैं, जिससे समस्याओं का निराकरण समय पर नहीं हो पा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत द्वारा झोझाफाल क्षेत्र में लाखों रुपये खर्च कर विकास कार्य कराए गए, जबकि वहां न तो अधिक आबादी है और न ही लोगों का ज्यादा आवागमन। वहीं जहां वास्तव में नाली और सड़क निर्माण की आवश्यकता है, वहां पंचायत द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

ग्राम पंचायत सलैया-13 का यह मुख्य प्रवेश मार्ग आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। वार्ड क्रमांक 1 के रहवासी कई दिनों से समस्या झेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया।

ग्रामीणों ने उमरिया कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं जनपद पंचायत करकेली के सीईओ से मांग की है कि शीघ्र ही वार्ड क्रमांक 1 में नाली निर्माण एवं जल निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को गंदगी और दूषित पानी की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms newsसंपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ