
मानपुर। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गई एक महिला पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि ग्रामीणों की बहादुरी और तत्परता से महिला की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मानपुर निवासी श्रीमती निरसिया बैगा रविवार सुबह लगभग 9 बजे अपने परिवार एवं अन्य ग्रामीणों के साथ बीट मानपुर के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ ने महिला के दाहिने हाथ को अपने जबड़े में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत एकजुट हो गए और जोर-जोर से शोर मचाते हुए साहस का परिचय दिया। ग्रामीणों के शोर से बाघ जंगल की ओर भाग गया, जिससे महिला की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है, वहीं वन विभाग द्वारा लोगों को जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने एवं समूह में जाने की सलाह दी जा रही है।
0 टिप्पणियाँ