
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर-उमरिया)। नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 10 में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर घरों में नलों से नियमित पानी नहीं पहुंच रहा, वहीं दूसरी ओर वार्ड में लगे कई हैंडपंप भी हवा फेंक रहे हैं, जिससे रहवासियों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है।
वार्ड वासियों को हो रही पानी के संकट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि जब नलजल व्यवस्था ठप है और हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, तब आखिर आम जनता जाए तो जाए कहां।
स्थानीय वार्डवासी गोपाल गुप्ता, राम दास चौधरी एवं राम प्रसाद प्रजापति ने बताया कि वार्ड में पिछले काफी समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। नलों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही और कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
आपको बता दें कि नगर परिषद मानपुर में जलापूर्ति का जिम्मा पहले जल निगम के पास था, लेकिन लगभग एक वर्ष पूर्व यह परियोजना नगर परिषद मानपुर को हैंडओवर कर दी गई। इसके बाद से नगर के कई वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन में कई जगह लीकेज होने के कारण पर्याप्त प्रेशर नहीं बन पा रहा, जिससे कई क्षेत्रों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा।
स्थिति की विडंबना यह है कि जहां एक तरफ वार्डवासी पानी के लिए भटक रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नगर परिषद द्वारा 1200 रुपये से लेकर हजारों रुपये तक के जलकर बिल भेजे जा रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब मूलभूत सुविधा ही उपलब्ध नहीं है, तो बिल वसूली किस आधार पर की जा रही है।
रहवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर अब तक जमीनी हकीकत की तस्दीक तक नहीं की गई कि वार्ड में जलापूर्ति नियमित है या नहीं। खराब हैंडपंपों और लीकेज पाइप-लाइन के कारण संकट और गहरा गया है।
वार्ड के निवासियों ने जिले के कलेक्टर, अनुभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं क्षेत्र की लोकप्रिय विधायिका मीना सिंह से अपील की है कि वार्ड 10 सहित प्रभावित क्षेत्रों में पानी की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए।
अब बड़ा सवाल यही है कि भीषण गर्मी में जब पानी जैसी बुनियादी जरूरत पूरी नहीं हो पा रही, तब जिम्मेदार तंत्र आखिर कब जागेगा ... ? जनता को केवल आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ