
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews. online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर-उमरिया)। मानपुर क्षेत्र में इन दिनों डीजल एवं पेट्रोल की गंभीर समस्या ने आमजन और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर आधारित है और आगामी दिनों में खेती-किसानी का कार्य तेज होने वाला है। ऐसे समय में ईंधन की कमी किसानों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज श्रीवास्तव बताया कि क्षेत्र से जानकारी मिल रही है कि मानपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने से किसानों को अपने कृषि कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों की जुताई, बुवाई, सिंचाई और कृषि यंत्रों के संचालन के लिए डीजल की आवश्यकता होती है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में ईंधन नहीं मिलने से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कृषि ही आजीविका का प्रमुख साधन है। बारिश का मौसम शुरू होने वाला है और किसान खेती की तैयारियों में जुटे हुए हैं। ट्रैक्टर, पंपसेट और अन्य कृषि उपकरण डीजल पर निर्भर हैं। ऐसे में यदि समय पर डीजल उपलब्ध नहीं हुआ तो खेती का कार्य प्रभावित हो सकता है, जिसका सीधा असर किसानों की आय और उत्पादन पर पड़ेगा।
वहीं दूसरी ओर पेट्रोल की कमी से आम नागरिकों को भी रोजमर्रा के कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग, छोटे व्यापारी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोग ईंधन संकट के कारण प्रभावित हो रहे हैं। कई लोगों को पेट्रोल पंपों पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि डीजल एवं पेट्रोल की आपूर्ति तत्काल सुचारू कराई जाए ताकि खेती-किसानी और जनजीवन प्रभावित न हो। किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी यही स्थिति बनी रही तो खेती के महत्वपूर्ण कार्य समय पर नहीं हो पाएंगे, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मानपुर क्षेत्र पूरी तरह कृषि आधारित क्षेत्र है। यहां के लोगों की आजीविका खेती और उससे जुड़े कार्यों पर निर्भर है। ऐसे में ईंधन संकट केवल एक सामान्य समस्या नहीं बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और किसानों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बन गया है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन और तेल कंपनियों पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही डीजल एवं पेट्रोल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे किसानों और आमजन को राहत मिल सके और कृषि कार्य बिना किसी बाधा के संचालित हो सकें।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ