
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews. online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर उमरिया)। जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम पड़वार स्थित हलफल-भदार नदी पर पुल का अभाव बारिश के मौसम में क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक बन गया है। नदी में जलस्तर बढ़ते ही बचहा, मुडगुड़ी, सलैया, कुंडी, भरौली और पड़वार सहित आसपास के गांवों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
केशव विश्वाकर्मा (लाली) व मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, मुडगुड़ी, सलैया, कुंडी, बचहा और भरौली के विद्यार्थी पड़वार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययन करते हैं। सामान्य दिनों में विद्यालय की दूरी मात्र 4 से 5 किलोमीटर है, लेकिन बरसात में नदी पार नहीं होने के कारण उन्हें अमरपुर होकर लगभग 18 से 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई बार विद्यालय पहुंचना भी संभव नहीं हो पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी में जलभराव के कारण पूर्व में भी कई अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि छात्र-छात्राओं ने अपनी पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित कराने और पुल निर्माण की मांग को लेकर 'नदी बचाओ आंदोलन' का समर्थन किया था। ग्रामीणों के अनुसार, इस घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन द्वारा कुछ शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि हलफल-भदार नदी के संगम क्षेत्र में जलभराव पहले की तुलना में अधिक हो रहा है। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम कुंडी के पास बने स्टॉप डेम में किए गए अवरोध के कारण बरसात के दौरान पानी का भराव बढ़ा है। उनका कहना है कि इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ नदी किनारे स्थित किसानों की कृषि भूमि का कटाव भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हलफल-भदार नदी से जुड़े रेत समूहों से शासन को राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMF) मद अथवा अन्य उपयुक्त योजना से पुल निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों और विद्यार्थियों को स्थायी राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मौखिक एवं लिखित आवेदन देकर पुल निर्माण की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षकों पर कार्रवाई तो हुई, लेकिन पुल के अभाव में हर वर्ष हजारों छात्र-छात्राओं की प्रभावित होती पढ़ाई और भविष्य की चिंता प्रशासन ने नहीं की।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से बरसात के दौरान मौके का निरीक्षण कर शीघ्र पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रीय नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ