drms news (मानपुर उमरिया)। प्रदेश में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक "मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान" चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
मुख्य सचिव अशोक कुमार वर्णवाल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान हर शुक्रवार को संभाग और जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्रीय भ्रमण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा होगी। विकासखंड और ग्राम स्तरीय कार्यालयों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
इन कामों पर रहेगा विशेष ध्यान: 1. जनसंवाद: अधिकारी सीधे आमजन से मिलकर समस्याएं सुनेंगे और मौके पर निराकरण करेंगे, 2. संस्थानों का निरीक्षण: स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी, उचित मूल्य दुकान, खाद-बीज गोदाम, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप की जांच, 3. लंबित प्रकरण: अविवादित नामांतरण, बंटवारा, खसरे में सुधार, फार्मर आईडी, आधार और पीएम आवास के लंबित केस निपटाए जाएंगे, 4. उद्योग संवाद : उद्यमियों और लघु उद्योगों की समस्याएं सुनकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। अभियान की पूरी मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से होगी। जिलों का मूल्यांकन लंबित प्रकरणों के निराकरण के आधार पर किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ