
मढ़िया तालाब मार्ग पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर उमरिया)। उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चिल्हारी में मढ़िया तालाब मार्ग पर चल रहे सीसी रोड निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों की अनदेखी करते हुए महज खानापूर्ति की जा रही है। सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब एक सप्ताह से मढ़िया तालाब मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण में सीमेंट की मात्रा नाममात्र की दिखाई दे रही है, जबकि सड़क में गिट्टी की मोटाई भी अपेक्षाकृत कम रखे जाने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई लगभग 6 से 7 फीट रखी जा रही है, वहीं निर्माण की ऊंचाई भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप है या नहीं, इस पर सवाल उठ रहे हैं।
‘जल्द उखड़ जाएगी सड़क’, ग्रामीणों ने जताई आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह निर्माण कार्य कराया गया तो सड़क ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी और कुछ ही समय में उखड़ने की आशंका है। ऐसी स्थिति में सड़क निर्माण पर खर्च होने वाली सरकारी राशि का उद्देश्य भी प्रभावित होगा और भविष्य में इसकी मरम्मत का भार फिर जनता और शासन पर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारी एवं तकनीकी अमले द्वारा मौके पर पर्याप्त निगरानी नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सड़क की लंबाई, चौड़ाई, मोटाई, उपयोग की जा रही सामग्री तथा स्वीकृत लागत की जांच कराने की मांग की है।
ठेकेदार के रवैये पर भी ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए जाने पर ठेकेदार की ओर से कथित तौर पर यह जवाब दिया गया कि इसी तरह की सड़क अन्य स्थानों पर भी बनाई जाती है और यहां भी इसी तरीके से बनाई जाएगी। इस कथित जवाब से ग्रामीणों में और अधिक नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
मढ़िया तालाब मार्ग का है विशेष महत्व
मढ़िया तालाब मार्ग ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। यहां वर्षभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। नवरात्रि के दौरान मढ़िया तालाब क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन भी होता है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग किए जाने के बाद जब यहां सड़क निर्माण शुरू हुआ तो ग्रामीणों में खुशी का माहौल था, लेकिन निर्माण की कथित गुणवत्ता को देखकर अब वही खुशी चिंता में बदलती नजर आ रही है।
जांच से सामने आ सकता है वास्तविक मामला
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मौके पर तकनीकी अधिकारियों की टीम भेजकर सड़क निर्माण की जांच कराई जाए। निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, सीसी रोड की मोटाई एवं चौड़ाई, स्वीकृत प्राक्कलन तथा मौके पर हुए वास्तविक निर्माण का मिलान कराया जाए।
वहीं, मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराता है या मामला यूं ही अनदेखा रह जाता है। सौजन्य से मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा
0 टिप्पणियाँ