
वार्ड 5 में नाली क्रॉसिंग के लिए नगर परिषद के ठेकेदार ने काटी सड़क, अनुमति पर सवाल; बाईपास के मुहाने पर बड़े वाहनों को परेशानी
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (शहडोल)। करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनी मानपुर बाईपास सड़क को लेकर लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 5 में नाली निर्माण के दौरान नगर परिषद के ठेकेदार ने नाली क्रॉसिंग के लिए पूरी सड़क ही काट दी।
आरोप है कि सड़क काटने से पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) से कोई अनुमति नहीं ली गई और न ही मेंटेनेंस ठेकेदार को सूचना दी गई। जुलाई में काटी गई सड़क को तीन माह बीत जाने के बाद भी अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है।
बाईपास के मुहाने पर बना हादसे का अड्डा
जिस जगह सड़क काटी गई है, वहीं से बाईपास मानपुर-व्यौहारी मार्ग से जुड़ता है। बाईपास पर दिनभर बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क के मुहाने पर बने गहरे कटाव के कारण ट्रकों और बसों को टर्न लेने में भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के लिए ये रोज की मुसीबत बन गई है।
नगर परिषद के ठेकेदार ने काटी तो अनुमति किसकी ...?
सबसे बड़ा सवाल यही है - जब सड़क PWD के अधीन है और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी दूसरे ठेकेदार की है, तो नगर परिषद के ठेकेदार ने किसके कहने पर सड़क काट दी? बिना अनुमति सार्वजनिक सड़क काटना और 3 माह तक मरम्मत न करना, नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।
PWD को शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं
बाईपास सड़क के ठेकेदार सौरभ यादव ने बताया कि नगर परिषद के ठेकेदार ने उनसे बिना पूछे सड़क काटकर ढोला डाल दिया, जबकि वहाँ पहले से ही उनके द्वारा ढोला डाला गया था। उन्होंने विभाग को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं PWD की SDO रवीना पटेल को कई बार जानकारी देने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हुई, जिससे विभाग की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
भारी वाहनों को शहर से बाहर निकालने के लिए बनी 4 करोड़ की सड़क के मुहाने पर ही गड्ढा होने से पूरा उद्देश्य ही फेल होता दिख रहा है। अब देखना है कि PWD और नगर परिषद के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा कब तक जनता भुगतेगी। (सौजन्य से मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ