DRMS NEWS

DRMS NEWS

पर्यटन प्रबंधन विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन आयोजित

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें

drms news (अनूपपुर/अमरकंटक)इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के पर्यटन प्रबंधन विभाग में एमबीए (पर्यटन प्रबंधन) एवं बीबीए (पर्यटन प्रबंधन) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन विषय, विभागीय कार्यप्रणाली, अकादमिक अपेक्षाओं एवं अनुशासन से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।

विभागाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित कक्षा उपस्थिति, आंतरिक एवं बाह्य परीक्षाओं तथा निरंतर सीखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पर्यटन के बदलते स्वरूप को समझाते हुए गंतव्यों के प्रचार में स्टोरीटेलिंग की भूमिका पर प्रकाश डाला। कुनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के पुनर्वास और ‘वंदे भारत’ ट्रेनों की विकास यात्रा जैसे उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने पर्यटन के व्यापक प्रभाव को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

विभाग के प्लेसमेंट समन्वयक रोहित रवींद्र बोरलीकर ने पर्यटन उद्योग में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने ज्ञान, कौशल एवं दृष्टिकोण के महत्व के साथ व्यावसायिक व्यवहार, संचार कौशल, औपचारिक पहनावे, उचित अभिवादन और पेशेवर ईमेल लेखन जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की।

प्रवेश समन्वयक जयप्रकाश नारायणन ने विद्यार्थियों को विभागीय नियमों एवं अनुशासन से अवगत कराया। उन्होंने रैगिंग के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कनिष्ठ विद्यार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याएं शिक्षकों एवं सहपाठियों के साथ साझा करने का भी आग्रह किया।

विभाग के शिक्षक दिनेश कुमार परस्ते ने विभाग की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्थापना एवं समय के साथ हुए विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभाग से शोध कार्य पूरा कर चुके पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में शोधार्थियों राजेश रंजन, हिमालय शर्मा, सैनुल आबिद एवं मृदुला ई ने अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी मृदुला ई ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ