DRMS NEWS

DRMS NEWS

दशहरा एवं दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द एवं भाई -चारे के साथ मनाने की जिला शांति समिति ने की अपील


नवरात्रि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित डेसीबल एवं अवधि तक ही करें उपयोग- कलेक्टर पार्थ जायसवाल


पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही करें दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन- अपर कलेक्टर सरोधन सिंह

===

दशहरा पर पॉलीटेक्निक ग्राउंड में होगा रावण दहन, दीपावली पर पटाखों की दुकानों के लिए निर्धारित होंगे स्थल

===

शहडोल 15 अक्टूबर 2026- आगामी दशहरा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कहा कि सभी नागरिक त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाएं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नवरात्रि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित डेसीबल एवं अवधि तक ही करें उपयोग- कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित डेसीबल स्तर एवं निर्धारित अवधि तक ही किया जाए, जिससे ध्वनि प्रदूषण के कारण दूसरों का जीवन प्रभावित न हो। उन्होंने दुर्गा पंडालों में विद्युत कनेक्शनों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। इसके लिए राजस्व, विद्युत विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। 

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, आवागमन की व्यवस्था, तैराकों की तैनाती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कंट्रोल रूम एवं सूचना केंद्र की स्थापना सहित सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि दशहरा एवं दीपावली पर्व के दौरान विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय-पूर्व निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।

त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर अवांछित पोस्ट नहीं करें- पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल

पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर अवांछित अथवा भ्रामक पोस्ट साझा नहीं करें। किसी भी घटना या दुर्घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाने को सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही करें दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन- अपर कलेक्टर सरोधन सिंह

अपर कलेक्टर सरोधन सिंह ने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निर्धारित स्थल तय किए गए हैं। सभी दुर्गा उत्सव समितियां निर्धारित स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें। ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की निगरानी संबंधित पंचायत सचिव एवं सरपंच की टीम द्वारा की जाएगी, ताकि विसर्जन व्यवस्था सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

दशहरा पर पॉलीटेक्निक ग्राउंड में होगा रावण दहन

बैठक में बताया गया कि दशहरा पर्व के अवसर पर पूर्व वर्षों की भांति पॉलीटेक्निक ग्राउंड मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने नगर पालिका को कार्यक्रम के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

दीपावली पर पटाखों की दुकानों के लिए निर्धारित होंगे स्थल

दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखों की दुकानों के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दुकानों को कतारबद्ध तरीके से व्यवस्थित करने, दो दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने, सुरक्षित विद्युत कनेक्शन एवं अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री नहीं होने देने के लिए आवश्यक निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सभी विभाग समय-पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करें

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दशहरा एवं दीपावली पर्व के दौरान सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, यातायात एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला शांति समिति के सदस्य शान उल्लाखान, डॉ. परमानंद तिवारी, व्यापारी संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, रविंदर सिंह गिल, अनुज मिश्रा, शिवेंद्र मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ