बड़ी खबर / शिक्षा विभाग
कलेक्टर द्वारा घोषित अवकाश का लाभ अतिथि शिक्षकों को नहीं, संचालनालय के आदेश को दिखाया ठेंगा

drms news/ब्रजधर समाचार (मानपुर उमरिया)। एक तरफ शासन अतिथि शिक्षकों को नियमित करने और सुविधाएं देने की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ शिक्षा विभाग के अधिकारी उनकी एक दिन की मजदूरी पर भी कैंची चलाने पर आमादा हैं।
दरअसल कलेक्टर उमरिया द्वारा 25 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन स्थानीय अवकाश घोषित किया गया था। इस अवकाश का लाभ सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला, स्कूल भी बंद रहे, लेकिन इसी अवकाश के कारण अतिथि शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाई और अब उनका एक दिन का मानदेय अटक गया है।
गौरतलब है कि लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल द्वारा *29 अगस्त 2025 को पत्र क्रमांक/ अतिथि शिक्षक /2025-26/269* जारी कर समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि कलेक्टर द्वारा घोषित स्थानीय अवकाश की प्रविष्टि एजुकेशन पोर्टल 3.0 के गेस्ट फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम में 5 सितंबर 2025 तक करना सुनिश्चित करें।
गत वर्ष इसी आदेश के आधार पर अवकाश की प्रविष्टि कर उसे कार्य दिवस मानते हुए अतिथि शिक्षकों को मानदेय का भुगतान किया गया था। लेकिन इस वर्ष *जिला शिक्षा अधिकारी, उमरिया द्वारा समय सीमा बीत जाने के बाद भी पोर्टल पर अवकाश की प्रविष्टि नहीं की गई।* नियमानुसार अतिथि शिक्षकों को कार्य दिवस के आधार पर मानदेय मिलता है, पोर्टल पर अवकाश दर्ज नहीं होने से वह दिन अनुपस्थित माना जाएगा और भुगतान अटक जाएगा।
अतिथि शिक्षकों का सवाल- जब अन्य शासकीय अवकाशों का लाभ दिया जाता है तो कलेक्टर द्वारा घोषित अवकाश का लाभ क्यों नहीं? कलेक्टर द्वारा घोषित अवकाश भी मान्य शासकीय अवकाश ही होता है। उस दिन विद्यालय बंद रहते हैं, फिर अतिथि शिक्षकों के साथ दोहरा मापदंड क्यों?
अतिथि शिक्षक पहले से ही अल्प मानदेय पर काम कर रहे हैं, ऊपर से एक दिन का भुगतान भी छीनने की तैयारी अन्याय है। अतिथि शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि DEO तुरंत पोर्टल पर अवकाश की प्रविष्टि कराएं और एक दिन के मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करें। (सूचनादाता एवं संकलनकर्ता- समाजसेवी मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। 8962637936, 8085090333 आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।
0 टिप्पणियाँ