DRMS NEWS

DRMS NEWS

मानपुर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिजौरी में किशोरियों को माहवारी स्वच्छता और एनीमिया से बचाव की दी गई जानकारी



संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews. online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें

drms news (मानपुर उमरिया)  राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर द्वारा किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिजौरी में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर की किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता सुश्री पूनम मिश्रा ने छात्राओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (मेनस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट), एनीमिया की रोकथाम तथा संतुलित पोषण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुश्री पूनम मिश्रा ने छात्राओं की झिझक दूर करते हुए कहा कि माहवारी एक पूरी तरह प्राकृतिक एवं सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है। किशोरियों को सामान्यतः 9 से 16 वर्ष की आयु के बीच मासिक धर्म शुरू होता है, इसलिए इसे लेकर किसी प्रकार का भय या संकोच नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि माहवारी से जुड़ी कोई समस्या या शंका हो तो उसे छिपाने के बजाय माता, बड़ी बहन, शिक्षकों अथवा गांव में कार्यरत साथिया कार्यकर्ता से खुलकर चर्चा करनी चाहिए, ताकि सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन मिल सके।

उन्होंने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। बताया कि इस दौरान सेनेटरी नैपकिन का नियमित उपयोग संक्रमण से बचाव का सबसे सुरक्षित उपाय है। साथ ही सेनेटरी पैड के सही उपयोग और उसके सुरक्षित एवं स्वच्छ निस्तारण की जानकारी भी दी गई, जिससे व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जा सके।

कार्यक्रम में किशोरियों में बढ़ रही एनीमिया की समस्या पर भी विशेष चर्चा की गई। स्वास्थ्य परामर्शदाता ने बताया कि प्रत्येक किशोरी को हर तीन माह में अपने हीमोग्लोबिन (एचबी) की जांच करानी चाहिए। साथ ही आयरन एवं फॉलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों का नियमित सेवन करने और भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड़, चना तथा अन्य आयरन युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच से एनीमिया जैसी समस्या से काफी हद तक बचाव संभव है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया गया। इससे छात्राओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ी और माहवारी से जुड़े भ्रम दूर हुए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गोपाल साय सिंह उरैली, शिक्षिका श्रीमती संदीप चतुर्वेदी, प्रियंका श्रीवास्तव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को किशोरियों के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.online वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms newsसंपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ