
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर उमरिया)। नगर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में अतिथियों द्वारा पूर्व परंपरा के अनुसार पंडित रामललन द्विवेदी दद्दा स्मृति मेधावी छात्र पुरस्कार वर्ष 2025-25 शासकीय संदीपनी हायर सेकेंडरी विद्यालय के छात्र सागर गुप्ता पिता राम नारायण गुप्ता को प्रदान किया गया।
मंच पर आसीन मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुश्री मीना सिंह एवं पुरस्कार समिति के अध्यक्ष ओपी द्विवेदी सहित अन्य विशेष आमंत्रित अतिथियों के कर-कमलों से सागर गुप्ता को यह सम्मान प्रदान किया गया।
पुरस्कार समिति के अध्यक्ष ओपी द्विवेदी ने पुरस्कार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पुरस्कार के रूप में ₹5,100 नगद, प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं शाल प्रदान की गई। यह पुरस्कार प्रतिवर्ष शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मानपुर में कक्षा 12 वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को ही पंडित रामललन द्विवेदी ‘दद्दा की स्मृति में उक्त पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
शिक्षा की अलख से शासकीय संदीपनी विद्यालय तक का गौरवशाली सफर
शासकीय संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल मानपुर वर्षों पूर्व एक निजी संस्था हुआ करती थी। लगभग 60 70 वर्ष पूर्व तत्कालीन न्याय पंचायत मानपुर के सरपंच पंडित रामललन द्विवेदी ‘दद्दा ने क्षेत्र में उच्च शिक्षा के गहरे अभाव को देखते हुए शिक्षा की ज्योति जलाने का संकल्प लिया।
वर्ष 1956-57 में उन्होंने अपने विशेष सहयोगी स्वतंत्रता-संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री छोटेलाल पटेल, ग्राम शिव गढ़ी (पूर्व विधायक), तथा अन्य सहयोगियों, दानदाताओं एवं श्रमदाताओं के की टीम बनाकर सभी के सहयोग से 'विद्या विकास समिति मानपुर जिला शहडोल' नमक संस्था का रजिस्ट्रेशन 1959 मे तत्कालीन पंजीयन कार्यालय ग्वालियर से पंजीकरण कराया, जिसमें क्षेत्र के कुल 11 गण मान्य सहयोगी शामिल थे।
इस समिति के माध्यम से व स्वयं भी दान देकर एवं क्षेत्र से चंदा व सहयोग प्राप्त कर एक भव्य एवं विशाल विद्यालय भवन का निर्माण जनसहयोग से पूर्ण कराया, जो लगभग 70 वर्ष की आयु में प्रवेश कर आज भी अपने मूल स्वरूप मे विद्यमान है, जहां आज भी उक्त भवन में कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
इसके बाद वर्ष 1959 में विद्यालय संचालन की शासन से अनुमति प्राप्त कर विद्या विकास समिति, मानपुर के माध्यम से सरदार पटेल हाई स्कूल, मानपुर की शुरुआत की गई।
वर्ष 1962-63 में विद्यालय के उत्कृष्ट संचालन व प्रदर्शन के दौरान लगभग 90 प्रतिशत तक परीक्षा परिणाम छात्रों से प्राप्त हुए। तब तत्कालीन शिक्षा मंत्री से सहयोग प्राप्त कर विद्यालय को जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दर्जा दिलाया गया तथा विज्ञान, कला सहित अन्य संकाय भी प्रारंभ कराये गए।
विद्यालय के संचालक एवं संस्थापक के रूप में पंडित रामललन द्विवेदी ‘दद्दा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की भर्ती की गई और विद्यालय उत्कृष्ट प्रदर्शन करता हुआ पूरे क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने लगा।
बाद में पंडित रामललन द्विवेदी ‘दद्दा एवं उनके सहयोगियों ने आपसी विमर्श एवं प्रस्ताव के माध्यम से विद्यालय को पूर्ण संचालित अवस्था में अग्रिम शिक्षा व्यवस्था के लिए मध्य प्रदेश शासन को सौंप दिया। इसके बाद से यह विद्यालय शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मानपुर के नाम से विख्यात हुआ।
समय के साथ साथ विद्यालय को सीएम राइज उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा मिला और वर्तमान में यह शासकीय संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल, मानपुर के नाम से जाना जाता है।
दद्दा जी की शिक्षा की मशाल आज भी रोशन
पंडित रामललन द्विवेदी ‘दद्दा जी’ ज्योतिषाचार्य,व दैवज्ञ भूषण ज्योतिर्षविशारद के अलंकरण से अलंकृत थे, मानपुर न्याय पंचायत एवं ग्राम न्याय पंचायत के लगातार वर्षों सरपंच रहे। वे एक महान शिक्षक, समाजसेवी एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता की अलख जगाने वाले दूरदर्शी व्यक्तित्व के शिक्षाविद् थे। शिक्षा के प्रसार और समाज सेवा के प्रति उनकी सोच एवं समर्पण आज भी छात्रों और जनमानस के मन मस्तिष्क में जीवंत है।
दद्दा जी आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा प्रज्वलित शिक्षा की मशाल आज भी शासकीय संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल, मानपुर के रूप में निरंतर जल रही है। उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, समाज सेवा और जनजागरण के कार्यों की स्मृति आज भी इस विद्यालय की गौरवशाली परंपरा में दिखाई देती है जो आने वाले समय में भी सर्वदा विद्यमान रहेगी।
1999 से निरंतर जारी है मेधावी छात्र सम्मान की परंपरा
वर्ष 1998 में पंडित राम ललन द्विवेदी ‘दद्दा के निधन के पश्चात उनके परिजनों ने वर्ष 1999 से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मानपुर में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र को प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त के मुख्य समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करने की परंपरा शुरू की गई।
कोरोना काल की विपरीत परिस्थितियों को छोड़कर यह सम्मान परंपरा वर्ष 1999 से निरंतर जारी है। यह पुरस्कार केवल एक मेधावी विद्यार्थी का सम्मान नहीं, बल्कि दद्दा जी के शिक्षा के प्रति समर्पण और उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक सार्थक माध्यम बन चुका है।
पुरस्कार समिति ने संभाली परंपरा की जिम्मेदारी
पुरस्कार समिति के अध्यक्ष ओपी द्विवेदी ने बताया कि समिति के वर्तमान संरक्षक दिव्य प्रकाश द्विवेदी एवं प्रकाश द्विवेदी हैं। वहीं पूर्व में हमारे पूज्य पिता *स्वर्गीय श्री इन्जी0 राम अनुग्रह द्विवेदी जो इस पुरस्कार समिति के संस्थापक व संरक्षक रहे हैं, उनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से शुरू हुई यह परंपरा प्रेरणा स्वरूप आज भी पूरी गरिमा और निरंतरता के साथ कायम है व आगे बढ़ती रहेगी।
समिति का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना और प्रतिभावान छात्रों का सम्मान कर उनमें आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करना है। यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
सागर गुप्ता की उपलब्धि बनी प्रेरणा .......
इस वर्ष शासकीय सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल मानपुर के कक्षा 12 वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर सागर गुप्ता ने यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर पुरस्कार समिति के सदस्यों व शिक्षकों और प्राचार्य ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समिति के सदस्यों ने कहा कि सागर गुप्ता की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार एवं विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणादायी और अनुकरणीय उदाहरण बनेगी। पंडित रामललन द्विवेदी ‘दद्दा’ द्वारा प्रज्वलित शिक्षा की यह मशाल इसी प्रकार प्रतिभावान विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती रहेगी। सौजन्य से मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936

0 टिप्पणियाँ