
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें
drms news (मानपुर उमरिया)। मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत माला के अंतर्गत आने वाले ग्राम लखूमर का शासकीय विद्यालय पिछले करीब 10 वर्षों से अधूरे और जर्जर हालात में पड़ा होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन का निर्माण आधा-अधूरा छोड़ दिए जाने के बाद आज तक उसकी समुचित मरम्मत और रखरखाव की ओर जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया जहां गिट्टी और पत्थर कमरे के अंदर आज भी पड़े हुए हैं कचरे के देर में बैठकर बनाया जा रहा है खाना, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय परिसर की स्थिति ऐसी है कि जहां बच्चे बैठते हैं, वहां बिछी दरी के नीचे भी जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। परिसर में गंदगी और जलभराव जैसी स्थिति के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बना रहता है। ऐसे वातावरण में बच्चों को पढ़ाई करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरी के नीचे भी गड्ढे, गंदगी से मच्छरों का प्रकोप
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन और परिसर की स्थिति लंबे समय से खराब है। भवन की मरम्मत नहीं होने के साथ-साथ परिसर की समुचित साफ-सफाई भी नहीं हो पा रही है। बच्चों के बैठने के स्थान के नीचे गड्ढे होना चिंता का विषय है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद विद्यालय की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि विद्यालय के निर्माण और अधूरे कार्य के लिए स्वीकृत राशि का उपयोग किस प्रकार किया गया और निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं कराया गया, इसकी जांच होना आवश्यक है।
ग्रामसभा में कई बार प्रस्ताव, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामसभा की बैठकों में कई बार प्रस्ताव रखा जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। हर बार ग्रामीणों को उम्मीद रहती है कि विद्यालय की मरम्मत होगी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनमें नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकारी विद्यालय की स्थिति खराब होगी तो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपने बच्चों को मजबूरी में निजी स्कूलों में भेजने के लिए विवश होंगे।
स्वतंत्रता दिवस की बैठक में फिर उठा विद्यालय का मुद्दा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित बैठक में भी ग्रामीणों ने विद्यालय की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि वे लगातार कई वर्षों से इसी समस्या को ग्रामसभा और अन्य बैठकों में उठा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
मौके पर जांच और तत्काल मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय भवन एवं परिसर की मौके पर जांच कराई जाए, पूर्व में हुए निर्माण कार्य और खर्च की जांच की जाए तथा आवश्यकतानुसार भवन की तत्काल मरम्मत एवं अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराया जाए।
ग्रामीणों ने उमरिया कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय से विशेष अनुरोध करते हुए कहा है कि ग्राम पंचायत माला के अंतर्गत आने वाले लखूमर विद्यालय की स्थिति का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव के बच्चों के भविष्य की नींव है। इसलिए भवन की जर्जर स्थिति को नजरअंदाज करना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा।
समस्त ग्रामीण, कथली-लखूमर ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विद्यालय को शीघ्र व्यवस्थित कराया जाए, ताकि गांव के बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। सौजन्य से मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ