
drms news (मानपुर उमरिया)। घुनघुटी से अनूपपुर को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क, जिसे 8 टन तक के लोड और आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए बनाया गया था, उसकी सूरत तुमी में स्थित क्रेशरों के ओवरलोड हाइवा ने पूरी तरह बदल दी है।
सबसे अधिक खराब स्थिति घुनघुटी बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक लगभग 500 मीटर की सड़क की है। यही मार्ग घुनघुटी की लाइफ लाइन है, जहां से रोजाना सैकड़ों यात्री, बुजुर्ग, महिलाएं और विद्यालयों के नन्हें-मुन्ने बच्चे गुजरते हैं। जब बच्चे इस मार्ग से गुजरते हैं तो हर समय सिर पर संकट के बादल छाए रहते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तुमी और आसपास स्थित क्रेशरों से गिट्टी भरकर निकलने वाले हाइवा, जिनकी पासिंग 8 से 10 टन है, उनमें 50 से 60 टन तक गिट्टी लादकर इसी संकरे मार्ग से दिन-रात बेधड़क दौड़ाए जा रहे हैं।
ओवरलोड के कारण बस स्टैंड से स्टेशन तक की पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क नाम की कोई चीज बची ही नहीं है, न गिट्टी बची है, न डामर और न ही सीमेंट। सड़क के नाम पर सिर्फ बड़े-बड़े गड्ढे बचे हैं। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने से हादसे का खतरा और बढ़ गया है। कई बाइक सवार इन गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं।
घनी आबादी वाले इस मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा बिना हॉर्न के दौड़ते हैं, धूल के गुबार से दुकानदार और राहगीर परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खनिज और परिवहन विभाग सब जानते हुए भी कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे क्रेशर संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
यहां पर सबसे बड़ा सवाल: अनूपपुर जिले में स्थित इस क्रेशर की वैधानिकता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि खदान अनूपपुर में है, रॉयल्टी वहां कट रही है और उमरिया जिला ठन-ठन गोपाल है, लेकिन सड़क के परखच्चे उमरिया के घुनघुटी में उड़ाए जा रहे हैं। मतलब मुनाफा अनूपपुर को और बर्बादी उमरिया को।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घुनघुटी बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक के 500 मीटर के जानलेवा मार्ग पर गिट्टी भरे ओवरलोड हाइवा का प्रवेश तत्काल प्रतिबंधित किया जाए, वैकल्पिक खनिज परिवहन मार्ग तय किया जाए और टूटी हुई प्रधानमंत्री सड़क की मरम्मत क्रेशर संचालकों से क्षतिपूर्ति वसूल कर कराई जाए। (सूचनादाता एवं संकलनकर्ता- समाजसेवी मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)
संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। 8962637936
0 टिप्पणियाँ