DRMS NEWS

DRMS NEWS

चरकी डोंगरी में मौत बनकर आई तेज रफ्तार बोलेरो: ब्यौहारी से लौट रहे मोहन साहू की मौके पर मौत, 3 साल की खुशी जिंदगी-मौत से जूझ रही, मानपुर में पसरा मातम

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें 8962637936, 8085090333 (भारत का तेजी से बढ़ता हुआ मासिक "ब्रजधर समाचार" अवश्य पढ़ें और अपने विचारों से हमें अवगत करायें)

Drms news (मानपुर/उमरिया)। उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 6 बजे एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बल्हौड और छपरौड तिराहा के बीच चरकी डोंगरी घाट के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इस हादसे में मानपुर वार्ड क्रमांक 8 निवासी मोहन साहू पिता स्व. चंद्रिका साहू (उम्र लगभग 32 वर्ष) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी 3 वर्षीय मासूम खुशी साहू गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा - प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहन साहू अपनी बाइक क्रमांक से अपनी 3 वर्षीय बच्ची खुशी साहू को लेकर ब्यौहारी स्थित ससुराल से मानपुर अपने घर लौट रहे थे। शाम लगभग 6 बजे जब वह चरकी डोंगरी की चढ़ाई पार कर रहे थे, तभी सामने से मानपुर की ओर आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो (तेज रफ्तार) ने लापरवाही पूर्वक ओवरटेक करने के प्रयास में सीधे बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मोहन साहू का सिर फुटपाथ से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। छोटी बच्ची खुशी करीब 10 फीट दूर झाड़ियों में जा गिरी। राहगीरों ने देखा तो तुरंत मानवता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और 108 ने दिखाई तत्परता

घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को बुलाया और घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया।

सीएचसी मानपुर में डॉ. ने बच्ची की हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार कर जिला चिकित्सालय शहडोल रेफर कर दिया। बच्ची के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं मृतक मोहन साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। मंगलवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मोहन साहू वार्ड क्रमांक 8 में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह मजदूरी और छोटा-मोटा काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। ब्यौहारी में उनकी ससुराल है, जहां से वे अक्सर आना-जाना करते थे। सोमवार को भी वे ससुराल से लौट रहे थे।

उनकी मौत की खबर सुनते ही वार्ड 8 में मातम पसर गया। देर रात तक बड़ी संख्या में लोग उनके घर के बाहर जमा रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी, बोलेरो की तलाश तेज

मानपुर पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 106(1) के तहत लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बोलेरो की तलाश के लिए नाकेबंदी की है और टोल प्लाजा व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

मानपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस सफेद बोलेरो के संबंध में जानकारी हो तो तुरंत थाना मानपुर को सूचित करें। (सूचनादाता एवं संकलनकर्ता- समाजसेवी मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। 8962637936, 8085090333 आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है। (भारत का तेजी से बढ़ता हुआ मासिक "ब्रजधर समाचार" अवश्य पढ़ें और अपने विचारों से हमें अवगत करायें)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ