DRMS NEWS

DRMS NEWS

लाखों रुपए से निर्मित ग्रामीण खेल मैदान उपेक्षा का शिकार, साफ-सफाई का भी अभाव; बदहाल व्यवस्था से खेल प्रेमियों में नाराजगी

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें 8962637936, 8085090333

drms news (मानपुर उमरिया)। नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 5 में विधायक निधि (विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना) के अंतर्गत लगभग 80 लाख रुपए की लागत से जनपद पंचायत मानपुर कार्यालय के पीछे ग्रामीण खेल मैदान एवं स्टेडियम का निर्माण कराया गया था। निर्माण के बाद उचित रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में अब यह खेल मैदान बदहाली की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।

ग्रामीण खेल मैदान के कई गेट टूट चुके हैं, वहीं स्टेडियम के ऊपर लगी रेलिंग भी टूटकर चोरी हो चुकी है। मैदान में साफ-सफाई का भी नियमित अभाव देखने को मिलता है, जिससे खेल प्रेमियों और सुबह व्यायाम के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जगह-जगह कचरा और गंदगी रहने से मैदान की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है।

इसके बावजूद यहां प्रतिदिन नगर के सैकड़ों युवा और खेल प्रेमी सुबह व्यायाम, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। कुछ खेल प्रेमियों ने अपने स्तर पर प्रयास कर चिड़िया-बल्ला खेलने के लिए मैदान भी तैयार कराया है, लेकिन यहां आए दिन बैडमिंटन नेट की पाइप सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आने की बात खेल प्रेमियों द्वारा कही जा रही है।

लाखों की प्रकाश व्यवस्था भी पड़ी खराब

ग्रामीण खेल मैदान में नगर परिषद मानपुर द्वारा लाखों रुपए की लागत से प्रकाश व्यवस्था कराई गई थी, लेकिन उचित रखरखाव के अभाव में आधे से अधिक लाइटें बंद पड़ी होने की बात सामने आ रही है। वहीं मैदान में लगाई गई आरामदायक कुर्सियों में से कई टूट चुकी हैं।

सरकारी कार्यक्रम होते हैं, फिर भी व्यवस्था बदहाल

खास बात यह है कि ग्रामीण खेल मैदान में समय-समय पर शासकीय कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी यहां आते-जाते हैं। इसके बावजूद मैदान की साफ-सफाई, सुरक्षा, टूटे गेट, क्षतिग्रस्त रेलिंग, खराब प्रकाश व्यवस्था और टूटे फर्नीचर की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है।

खेल प्रेमियों ने की व्यवस्था सुधारने की मांग

नगर के खेल प्रेमियों ने शासन-प्रशासन एवं नगर परिषद से मांग की है कि ग्रामीण खेल मैदान का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए। नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि युवाओं को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।

पार्क दूर, ग्रामीण खेल मैदान में ही व्यायाम की सुविधा की मांग

सुबह नियमित रूप से व्यायाम के लिए ग्रामीण खेल मैदान पहुंचने वाले सैकड़ों युवाओं एवं बुजुर्गों का कहना है कि नगर परिषद मानपुर द्वारा नए नगर परिषद भवन के नजदीक पार्क का निर्माण कराया गया है, लेकिन नगर के अधिकांश हिस्सों से दूर होने के कारण वहां नियमित रूप से लोग नहीं पहुंच पाते। ऐसे में ग्रामीण खेल मैदान नगरवासियों के लिए अधिक सुविधाजनक स्थान है। लोगों ने मांग की है कि ग्रामीण खेल मैदान में ही व्यायाम के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं और नियमित साफ-सफाई कराकर इसे व्यवस्थित रखा जाए।

खेल प्रेमियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यह मैदान पूरे नगर की सार्वजनिक संपत्ति है। इसकी साफ-सफाई, सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। मैदान में गंदगी न फैलाएं, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं और किसी भी प्रकार की चोरी या तोड़फोड़ की जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें। (सूचनादाता एवं संकलनकर्ता- समाजसेवी मनोज श्रीवास्तव, केशव विश्वकर्मा मानपुर)

संपादक वीरेन्द्र प्रताप सिंह कृपया http://www.drmsnews.in वेबसाइट को शेयर, लाईक व लाइव जरूर करें और विज्ञापन व समाचारों के लिए संपर्क करें। 8962637936, 8085090333 आपका सहयोग हमारे लिए अमूल्य है, बहुत बहुत धन्यवाद आभार। डिस्क्लेमर : यहां पर दिया गया प्रसारित व प्रकाशित विज्ञापन/समाचार, हमें विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है, जिसे केवल सूचना के लिए दी जा रही है drms news व संपादक इसकी पुष्टि नही करता और ना ही जिम्मेदार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ